प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की आज यानी शनिवार को वित्त मंत्रालय के पांच सचिवों समेत शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक होगी, जिसमें दौलतमंद आयकरदाताओं पर सरचार्ज से लेकर ऑटो और रियल एस्टेट क्षेत्र की सुस्ती को दूर करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इससे पहले वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार सुधार के उपायों पर विचार कर रही है। पीएमओ के प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा शनिवार को वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। सूत्रों ने बताया कि उम्मीद की जा रही है कि वित्त मंत्रालय के अधिकारी इस बैठक में ऑटो और रियल्टी सेक्टर के साथ-साथ एफपीआई (विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों) से प्रभावित शेयर बाजार में सुस्ती को दूर करने के विकल्प व समाधान पेश करेंगे।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अहमदाबाद में शुक्रवार को कहा कि वित्तीय रुझानों में सुधार के मद्देनजर मंत्रालय अभी पीएमओ के साथ बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा, “मैंने सोमवार से अब तक बैंकों, वित्तीय संस्थानों, एसएमई, उद्योग और ऑटोमोबाइल समेत पांच अलग-अलग समूहों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की है और उनकी समस्याएं सुनी हैं। हम विश्लेषण कर रहे हैं कि कौन से कदम उठाए जाएं।”
वित्त मंत्री ने कहा, “कल (गुरुवार) हमने प्रधानमंत्री के साथ अर्थव्यवस्था को लेकर बैठक की।” उन्होंने कहा, “इस बात पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। कौन से कदम उठाए जाएं। इस संबंध में तैयारी के बाद हम घोषणा करेंगे।” वित्त मंत्रालय की पहली प्राथमिकता एफपीआई कर का समाधान करना होगा, जिसके कारण बाजार में गिरावट आई है। इसके अलावा, ऑटो सेक्टर के लिए दोबारा वित्त मुहैया करने पर भी विचार किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



