वैश्विक बाजारों में नकारात्मक रुख के बीच एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंफोसिस जैसे बड़े शेयरों में गिरावट के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स बुधवार को शुरुआती कारोबार में 250 अंक से अधिक गिर गया।
इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सूचकांक 259.75 अंक या 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 52,319.01 पर कारोबार कर रहा था, जबकि व्यापक एनएसई निफ्टी 77.15 अंक या 0.49 प्रतिशत गिरकर 15,669.30 पर आ गया। सेंसेक्स में सबसे अधिक एक प्रतिशत की गिरावट नेस्ले इंडिया में हुई। इसके अलावा डॉ रेड्डीज, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक बैंक, टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंफोसिस भी घाटे में थे।
दूसरी ओर इंडसइंड बैंक, भारती एयरटेल, टाटा स्टील और एचयूएल में बढ़त देखने को मिली। पिछले सत्र में सेंसेक्स 273.51 अंक या 0.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 52,578.76 पर और निफ्टी 78 अंक या 0.49 प्रतिशत गिरकर 15,746.45 पर बंद हुआ था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को सकल आधार पर 1,459.08 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.54 प्रतिशत बढ़कर 73.92 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर आ गया।


Download Android App
Download iOS App



