मिलेजुले वैश्विक रुझानों के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसे बड़े शेयरों में तेजी के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 300 अंक से अधिक चढ़ गया। इस दौरान 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 301.17 अंक या 0.61 प्रतिशत बढ़कर 50,072.46 पर कारोबार कर रहा था, जबकि एनएसई निफ्टी 94.40 अंक या 0.64 प्रतिशत बढ़कर 14,830.80 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की बढ़त इंडसइंड बैंक में हुई, जबकि एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और मारुति भी बढ़ने वाले शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर पावरग्रिड, एशियन पेंट, टेक महिंद्रा और एनटीपीसी लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 86.95 अंक या 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 49,771.29 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 7.60 अंक या 0.05 प्रतिशत गिरकर 14,736.40 पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को सकल आधार पर 786.98 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। एशियाई बाजारों में शंघाई, हांगकांग, टोक्यो और सियोल, लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इस बीच वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.91 फीसदी की गिरावट के साथ 64.03 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।


Download Android App
Download iOS App



