देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा नीतिगत उपायों की घोषणा से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई और मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स 500 अंक से अधिक चढ़ा, जबकि निफ्टी ने एक बार फिर 14,500 का स्तर हासिल कर लिया।
इस दौरान सेंसेक्स 505.13 अंक या 1.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 48,455.13 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 150.20 अंक या 1.05 प्रतिशत बढ़कर 14,509.65 पर पहुंच गया। सेंसेक्स में तीन आईटी शेयरों- एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और टीसीएस को छोड़कर अन्य सभी शेयर मुनाफे में कारोबार कर रहे थे।
इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स में 882.61 अंक या 1.81 प्रतिशत, और एनएसई निफ्टी में 258.40 अंक या 1.77 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की थी। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को सकल आधार पर 1,633.70 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस बीच वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट वायदा सोमवार को 0.77 प्रतिशत बढ़कर 67.68 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।


Download Android App
Download iOS App



