विदेशी कोषों की आवक जारी रहने के कारण प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 350 अंकों से अधिक का उछाल आया। इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी के शेयरों में तेजी देखने के मिली। सेंसेक्स 34,357.30 के ऊपरी स्तर को छूने के बाद 366.91 अंकों या 1.08 प्रतिशत की तेजी के साथ 34,347.61 पर था।
इसी तरह एनएसई निफ्टी 112.15 अंक या 1.12 प्रतिशत बढ़कर 10,141.25 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में सबसे अधिक चार प्रतिशत की तेजी टाटा स्टील में देखने को मिली। इसके अलावा ओएनजीसी, एसबीआई, एलएंडटी, इंडसइंड बैंक और सन फार्मा भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के शेयरों में दो फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
कंपनी ने अपनी डिजिटल इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स की 1.85 प्रतिशत हिस्सेदारी अबू धाबी स्थित निवेशक मुबाडला को 9,093.60 करोड़ रुपये में बेचने की घोषणा की। दूसरी ओर टीसीएस, बजाज ऑटो, इंफोसिस और पावरग्रिड में गिरावट देखने को मिली। पिछले सत्र में बीएसई सेंसेक्स 128.84 अंक या 0.38 प्रतिशत कम होकर 33,980.70 पर बंद हुआ था, जबकि एनएसई निफ्टी 32.45 अंक या 0.32 प्रतिशत फिसलकर 10,029.10 पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के अनंतिम आंकड़ों के मुताबिक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने गुरुवार को पूंजी बाजार में सकल आधार पर 2,905.04 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।


Download Android App
Download iOS App



