वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा स्टील जैसे बड़े शेयरों में बढ़त के कारण प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 150 अंक से अधिक चढ़ गया।
इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सूचकांक 155.51 अंक या 0.29 प्रतिशत बढ़कर 53,007.78 पर कारोबार कर रहा था, जबकि व्यापक एनएसई निफ्टी 48.15 अंक या 0.30 प्रतिशत बढ़कर 15,872.60 पर पहुंच गया। सेंसेक्स में सबसे अधिक एक प्रतिशत की बढ़त टाटा स्टील में हुई। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक, मारुति, टाइटन और एसबीआई भी बढ़त दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।
दूसरी ओर एक्सिस बैंक, एलएंडटी, एचसीएल टेक, नेस्ले इंडिया और एचडीएफसी लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 123.53 अंक या 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 52,852.27 पर और निफ्टी 31.60 अंक या 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 15,824.45 पर बंद हुआ था।
शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को सकल आधार पर 2,376.79 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.41 प्रतिशत बढ़कर 74 डॉलर प्रति बैरल हो गया।


Download Android App
Download iOS App



