सकारात्मक वैश्विक संकेतों के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स में गुरुवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 250 अंकों से अधिक का उछाल आया, और रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी और आईसीआईसीआई बैंक में तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 270.69 अंक या 0.56 प्रतिशत बढ़कर 48,444.75 पर था, जबकि एनएसई निफ्टी 80.95 अंक या 0.57 प्रतिशत बढ़कर 14,227.20 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की तेजी पावरग्रिड में हुई। इसके अलावा एसबीआई, इंडसइंड बैंक, एलएंडटी, एक्सिस बैंक, ओएनजीसी और बजाज फाइनेंस में भी बढ़त देखने को मिली। दूसरी ओर टाइटन, टीसीएस, एचयूएल और इंफोसिस लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 263.72 अंक या 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 48,174.06 पर और निफ्टी 53.25 अंक या 0.38 प्रतिशत गिरकर 14,146.25 अंक पर बंद हुआ था।
शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के अनुसार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने बुधवार को सकल आधार पर 483.64 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इस बीच वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.79 प्रतिशत बढ़कर 54.73 प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।


Download Android App
Download iOS App



