बेंगलुरु : यात्रियों के लिये बेंगलुरू हवाईअड्डे से विमान यात्रा करना महंगा होने वाला है। हवाई अड्डा शुल्क नियामक हवाईअड्डा आर्थिक नियामक प्राधिकरण (एईआरए) ने इस हवाई अड्डे से यात्रा करने वाले यात्रियों से टिकट के साथ वसूले जाने वाले उपयोगकर्ता विकास शुल्क में 120 प्रतिशत की भारी वृद्धि किए जाने को मंजूरी दी है। नयी दर चार महीने के लिये है। नयी दिल्ली और मुंबई के बाद देश का इस तीसरा सबसे व्यस्त हवाईअड्डे की विस्तार परियोजनाओं के लिए धन जुटाने हेतु यह अनुमति दी गयी है।
बेंगलुरू हवाईअड्डा ने सोमवार को एक बयान में कहा कि एईआरए के आदेश के साथ घरेलू उड़ान के लिये उपयोगकर्ता विकास शुल्क (यूडीएफ) को 139 रुपये से बढ़ाकर 306 रुपये कर दिया गया है। वहीं अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के मामले में यह 1,226 रुपये होगा जो पहले 558 रुपये था। नई दरें मंगलवार से प्रभावी होंगी। बयान में कहा गया है कि घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय यात्रा के लिये नये शुल्क में क्रमश: 120 प्रतिशत और 119 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गयी है।
संशोधित शुल्क 16 अप्रैल से 15 अगस्त के बीच खरीदे गये टिकट पर लागू होगा। बढ़ा हुआ शुल्क 16 अगस्त से वापस ले लिया जाएगा। कुल 13,000 करोड़ रुपये की विस्तार योजना के दूसरे चरण में नये टर्मिनल का निर्माण, दूसरा रनवे, सड़क तक पहुंच और मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट केंद्र का निर्माण शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



