न्यूयॉर्क : भारतीय मूल के अर्जुन बंसल (35) और अंकिति बोस (27) ने फॉर्च्यून की 40 अंडर 40 ग्लोबल लिस्ट में जगह बनाई है। अर्जुन अमेरिका की टेक कंपनी इंटेल के आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस सॉफ्टवेयर एंड एआई लैब के वाइस प्रेसिडेंट हैं। अंकिति फैशन प्लेटफॉर्म जिलिंगो की सीईओ और को-फाउंडर हैं। फॉर्च्यून पत्रिका हर साल कारोबारी जगत के 40 सबसे प्रभावी युवाओं की लिस्ट जारी करती है।
फॉर्च्यून के मुताबिक अर्जुन की टीम में 100 लोग हैं जो अमेरिका, इजरायल और पोलैंड में इंटेल का आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) से जुड़ा काम देखते हैं। इंटेल के प्रमुख एआई प्रोजेक्ट्स में अर्जुन के स्टार्टअप नेरवाना द्वारा तैयार की गई विशेष कंप्यूटर चिप भी शामिल है। इंटेल ने 2016 में 35 करोड़ डॉलर (मौजूदा 2485 करोड़ रुपए) में नेरवाना को खरीद लिया था। अंकिति ने चार साल पहले जिलिंगो की शुरुआत की थी।
जिलिंगो दक्षिण-पूर्व एशिया के छोटे कारोबारियों को अपने प्रोडक्ट बेचने के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवाती है। इसका हेडक्वार्टर सिंगापुर में है। अंकिति के दिमाग में जिलिंगो का आईडिया उस वक्त आया जब वो 2013 में छुट्टियां बिताने थाईलैंड गईं थीं। उन्होंने नोटिस किया कि वहां कोई ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस उपलब्ध नहीं था।
जिलिंगो 1 अरब डॉलर के वैल्यूएशन के करीब
जिलिंगो ने फरवरी में 1604.6 करोड़ रुपए (22.6 करोड़ डॉलर) की फंडिंग जुटाई थी। कंपनी का वैल्यूएशन 1 अरब डॉलर के करीब है। फॉर्च्यून के मुताबिक पिछले साल तक 1 अरब डॉलर वैल्यूएशन वाले दुनिया के स्टार्टअप में से सिर्फ 10% की फाउंडर महिलाएं थीं। जिलिंगो की फाउंडर अंकिति बोस भी इस क्लब में शामिल होने वाली हैं।
फॉर्च्यून की लिस्ट में शामिल 40 युवा लोगों में 19 महिलाएं हैं। इनमें अमेजन की वॉइस यूजर इंटरफेस डिजायनर अलीसन एटवेल (31) और पेप्सीको के बबली ब्रांड की डायरेक्टर ऑफ मार्केटिंग मैरिसा बार्टनिंग भी शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



