अमेरिका और चीन 17 महीने से जारी व्यापार युद्ध को और आगे नहीं खींचने पर सहमत हो गये हैं। दोनों पक्ष व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं। दोनों पक्ष इस बारे में शुक्रवार को आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार की शाम को बताया कि चीन के साथ व्यापार समझौते के संबंध में शुक्रवार को घोषणा की जाएगी।
अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर यह जानकारी दी। अमेरिका के उद्योग संगठन यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रमुख (अंतरराष्ट्रीय मामले) मायरन ब्रिलियेंट ने कहा, “हम समझौते के बेहद करीब हैं।” ब्रिलियेंट को दोनों पक्षों ने वार्ता में हुई प्रगति से अवगत कराया है।
आम चुनावों में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को मिला बहुमत, PM मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने दी बधाई
उन्होंने कहा कि ट्रंप सरकार चीन के 160 अरब डॉलर के सामानों पर रविवार से लगने जा रहे शुल्क को टालने पर सहमत हो गयी है। ट्रंप सरकार इसके साथ ही मौजूदा शुल्कों को कम करने पर भी सहमत हुई है। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि मौजूदा शुल्कों में कितनी कटौती की जाएगी। इसके बदले चीन अमेरिका के कृषि उत्पादों की खरीद बढ़ाएगा, अमेरिका की कंपनियों को चीन के बाजार की बेहतर पहुंच उपलब्ध कराएगा तथा बौद्धिक संपदा अधिकारों की सुरक्षा को मजबूत बनाएगा।
समझौते को ट्रंप की अंतिम मंजूरी मिलनी शेष है। ट्रंप ने बृहस्पतिवार को व्हाइट हाउस लौटते समय संवाददाताओं द्वारा इस बारे में पूछे जाने पर कोई टिप्पणी नहीं की। हालांकि ट्रंप ने बृहस्पतिवार की सुबह ट्वीट किया, “चीन के साथ व्यापार समझौते के बेहद करीब। वे समझौता करना चाहते हैं, अत: हम भी चाहते हैं।”
चीन के वाणिज्य मंत्रालय के एक प्रवक्ता गाओ फेंग ने बृहस्पतिवार की सुबह कहा कि दोनों पक्षों के आर्थिक व व्यापारिक दल करीबी संवाद बनाये रखने पर सहमत हुए हैं। हालांकि उन्होंने कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी।


Download Android App
Download iOS App



