मुंबई : देश की दूसरी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी वोडाफोन इंडिया का परिचालन लाभ 2016-17 में 10.2 प्रतिशत घटकर 11,784 करोड़ रुपये रहा। कड़ी प्रतिस्पर्धा से कंपनी का लाभ घटा है। इससे पूर्व वित्त वर्ष में कंपनी का एकल आधार पर लाभ 13,115 करोड़ रुपये था। कंपनी का आइडिया सेल्यूलर के साथ विलय होना है जिससे देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी अस्तित्व में आएगी। ब्रिटेन की दूरसंचार कंपनी की भारतीय इकाई की कुल आय एकल आधार पर 0.6 प्रतिशत कम होकर 43,095 करोड़ रुपये रही।
वोडाफोन के प्रबंध निदेशक तथा मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील सूद ने कहा, ”कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच हमने स्थिर प्रदर्शन दिया है।” कंपनी के ग्राहकों की संख्या बढ़कर 20.9 करोड़ पहुंच गयी है। कंपनी की प्रति ग्राहक औसत आय 158 रुपये रही। कंपनी ने 2016-17 में 8,311 करोड़ रुपये निवेश किया और उसके ऊपर शुद्ध कर्ज 60,200 करोड़ रुपये था।
– भाषा


Download Android App
Download iOS App



