नई दिल्ली : भारत में पहली बार कृषि सांख्यिकी विषय पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक और कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव त्रिलोचन महापात्र ने बताया कि अगले हफ्ते दिल्ली में कृषि सांख्यिकी पर आठवें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भारत पहली बार इस सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जिसमें देश-विदेश के कृषि वैज्ञानिक कृषि सांख्यिकी के महत्व पर विचार-विमर्श करेंगे। चार दिवसीय इस सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र तोमर करेंगे और इस मौके पर अरबपति अमेरिकी कारोबारी बिल गेट्स बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। महापात्रा ने बताया कि इस सम्मेलन में देश के युवा वैज्ञानिकों और शिक्षकों को विदेश से आने वाले कृषि विशेषज्ञों के साथ बैठकर चर्चा करने का मौका मिलेगा।
विदेशों में कृषि सांख्यिकी, आंकड़ों के विश्लेषण और उसका उपयोग करने को लेकर जो कार्यक्रम चल रहा है, उसकी जानकारी उन्हें मिलेगी और छात्रों को शोध में इससे काफी मदद मिलेगी और शिक्षकों को शिक्षण कार्य में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि विदेशों में डाटा विज्ञान पर जो शोध हो रहा है, उसकी जानकारी मिलेगी। इससे हमें शोध में भी मदद मिलेगी। महापात्र ने कहा कि हमारे देश में पहले कभी इस सम्मेलन का आयोजन नहीं हुआ था और सांख्यिकी के क्षेत्र में हमारे देश के कई विशेषज्ञों ने विदेशों में और एफएओ में अपना योगदान दिया है।
लिहाजा, विश्व के साथ जुड़कर काम करने से हमें उसी तरह का लीडरशिप मिल सकता है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ), अमेरिकी कृषि विभाग (यूएसडीए), आईएसआई-कास, यूरोस्टेट, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के साथ-साथ कई राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय संगठन हिस्सा ले रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



