येस बैंक के गैर-कार्यकारी निदेशक अजय कुमार के इस्तीफा देने के एक दिन बाद बैंक के गैर – कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक मुकेश सभरवाल ने भी निदेशक मंडल से इस्तीफा दे दिया है। बैंक ने मंगलवार को यह जानकारी दी। येस बैंक ने शेयर बाजार को बताया , हम सूचित करना चाहते हैं कि बैंक के गैर – कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल मुकेश सभरवाल ने 10 जून 2019 को इस्तीफा दे दिया है।
बैंक के अनुसार , सभरवाल ने बताया कि वह अपना कीमती समय शैक्षिक गतिविधियों में लगाना चाहते हैं और इसी वजह से इस्तीफा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इसके पीछे और कोई प्रमुख कारण नहीं है। सभरवाल को निदेशक मंडल में 25 अप्रैल 2012 में नियुक्त किया गया था और वह सात साल से बैंक के साथ जुड़े थे।
बैंक ने 24 अप्रैल 2020 तक सभरवाल की स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्ति का प्रस्ताव किया था। मालूम हो कि इससे पहले सोमवार को बैंक के गैर – कार्यकारी निदेशक अजय कुमार ने निजी कारणों से निदेशक मंडल से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने राणा कपूर के पद से हटने के बाद एक महीने के लिये बैंक के अंतरिम प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की जिम्मेदारी संभाली थी।


Download Android App
Download iOS App



