रायपुर में अपनी ही नाबालिग बेटी से पिता ने किया दुष्कर्म; गर्भवती बना कर बेच दिया बच्चा

Summary :

छत्तीसगढ़ की राजधानी में पिता द्वारा अपनी 16 साल की बेटी से लगातार दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और प्रसव के बाद नवजात को बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पिता और नर्स समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

Raipur Crime News

Raipur Crime News : छतीसगढ़ की राजधानी रायपुर से चौंका देने वाली खबर सामने आई है जहां एक 16 साल की नाबालिग लड़की को उसी के पिता की हैवानियत का शिकार होना पड़ा। पिता ने अपनी ही बेटी के साथ पहले तो दुष्कर्म किया फिर जब वह गर्भवती हुई तो उसे नकली कागजों के सहारे बालिग़ बता कर व शादीशुदा दिखा कर अस्पताल भर्ती कराया गया।

नाबालिग लड़की ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया जहां उसे लड़का पैदा हुआ। लड़की के पिता अपनी हैवानियत से अगले कदम बढाते हुए बच्चे को बेच दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता, बुआ और प्राइवेट अस्पताल की नर्स समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

जबरन अबॉर्शन और फर्जी दस्तावेजों का खेल

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पत्नी यानी पीड़िता की मां साल 2023 में अपने पति से अलग हो गई थी, जिसके बाद तीनों बेटियां पिता के साथ रह रही थीं। आरोपी ने सबसे बड़ी बेटी को धमकाकर 2023 में रिश्तेदारों के घर में पहली बार शिकार बनाया। जब वह गर्भवती हुई, तो बुआ की मदद से जबरन दवाइयां खिलाकर उसका गर्भपात कराया गया। इसके बाद भी उत्पीड़न जारी रहा और 2025 में वह दोबारा गर्भवती हो गई। तब आरोपी पिता उसे नर्स वर्षा मंडल और उसकी परिचित गीता राय के पास ले गया, जिन्होंने फर्जी आधार कार्ड के जरिए उसे बालिग दिखाया और दंगाणिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

नवजात की खरीद-फरोख्त

ऑपरेशन से बच्चे के जन्म के बाद डॉक्टर, पिता और अन्य आरोपियों ने मिलकर नवजात को एक शख्स को बेच दिया। पीड़िता को कुछ दिन एक घर में कैद रखा गया और फिर घर वापस लाया गया।

किसी तरह पीड़िता ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी मां से संपर्क साधा और आपबीती बताई। मां की मदद से सोमवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने दुष्कर्म, फर्जीवाड़ा, धमकी, जेजे एक्ट और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सभी मुख्य आरोपियों को जेल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें – Chhattisgarh News: बस्तर में सड़क और पुल निर्माण को मिलेगी रफ्तार, दिसंबर 2026 तक काम पूरा करने के निर्देश

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।