उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर एक 35 वर्षीय महिला के साथ सामुहिक दुष्कर्म और लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना जिले के नगीना देहात थाना क्षेत्र के रायपुर सादात गांव में हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के पति ने शिकायत में बताया कि 14 नवंबर को वह अपने दो बच्चों और मां को दवाई दिलाने के लिए धामपुर गया था।
छत के रास्ते घर के अंदर प्रवेश
इसी बीच उसकी पत्नी घर पर अकेली थी। शाम करीब 7:30 बजे चार से पांच अज्ञात बदमाश छत के रास्ते घर के अंदर प्रवेश कर गए। बदमाशों ने उनकी पत्नी को बंधक बनाकर उसे नशीला पदार्थ देकर कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने जलती सिगरेट से उसके शरीर को जलाया और जान से मारने की धमकी दी।
धाराओं के तहत मामला दर्ज
शिकायतकर्ता ने कहा कि बदमाश घर में रखे 25 तोला सोने के आभूषण, 2 किलो चांदी, 1.50 लाख नकद, स्कूटी और एक एलईडी को लूट ले गए। अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) राम अर्ज ने गुरुवार को बताया कि पीड़िता के पति की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है और मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



