NDMC Teachers Award : नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने शिक्षक दिवस के अवसर पर 13 उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रतिष्ठित ‘एनडीएमसी शिक्षक पुरस्कार’ 2026 से सम्मानित किया। इनमें अटल आदर्श विद्यालयों के 08 और नवयुग स्कूलों के 05 पुरस्कार विजेता शिक्षक शामिल हैं, जिन्हें एनडीएमसी स्कूलों में छात्रों में शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने में उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एनडीएमसी द्वारा शिक्षकों के असाधारण समर्पण, प्रतिबद्धता और शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय सेवा को सम्मानित करने के लिए नवयुग स्कूल सरोजिनी नगर स्कूल में एनडीएमसी शिक्षक पुरस्कार 2026 समारोह का आयोजन किया गया। शिक्षकों को सम्मानित करने के बाद एनडीएमसी के चेयरमैन मनोज कुमार द्विवेदी ने सभी 13 पुरस्कार विजेताओं को हार्दिक बधाई दी और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद् के शैक्षिक तंत्र में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की।
मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान करना केवल शिक्षा में उनके समर्पण और योगदान की पहचान नहीं है, बल्कि यह उन छात्रों के आत्मविश्वास और मनोबल को भी बढ़ाता है जिनका वे शैक्षणिक पोषण करते हैं। माता-पिता के बाद हमारे जीवन में सबसे महत्वपूर्ण स्थान शिक्षकों का ही होता है। उनकी छवि और उनकी शिक्षाएं हमारे जीवन पर अमिट प्रभाव छोड़ती हैं और हमेशा हमारी स्मृतियों में बनी रहती हैं।
इस अवसर पर द्विवेदी ने कहा कि शिक्षा केवल अंकों, परीक्षाओं या पदकों तक सीमित नहीं है, बल्कि अच्छे संस्कारों, करुणामय व्यवहार, दूसरों के प्रति सहानुभूति, सामाजिक कौशल, अनुशासन, दक्षता और कार्य व जीवन के प्रति सही दृष्टिकोण विकसित करने में भी निहित है। ये गुण एक व्यक्ति को एक सम्पूर्ण मानव बनने और एक सार्थक व पूर्ण जीवन जीने में सक्षम बनाते हैं। इसलिए औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ अनौपचारिक और मूल्य-आधारित शिक्षा पर भी समान जोर दिया जाना चाहिए।
प्रत्येक शिक्षक प्रतिदिन एक नई चीज सीखे और उसे डायरी में करे दर्ज
एनडीएमसी चेयरमैन ने कहा कि इस शिक्षक दिवस पर, मैं प्रत्येक शिक्षक से एक सरल संकल्प लेने का आग्रह करता हूं कि प्रतिदिन कम से कम एक नई चीज़ सीखें और उसे एक डायरी में दर्ज करें। यदि आप इस अभ्यास का लगातार पालन करते हैं, तो 365 दिनों के बाद आप महसूस करेंगे कि आपने कुछ वास्तव में महत्वपूर्ण हासिल किया है – 365 नई सीखों से समृद्ध एक वर्ष जो आपके भविष्य के जीवन को बेहतर बनाएगा। उन्होंने आग्रह किया कि शिक्षकों को अपना पूरा ध्यान बच्चों के भविष्य को आकार देने की अपनी सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर केंद्रित रखना चाहिए।
एनडीएमसी शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित कुल 13 शिक्षक
अटल आदर्श विद्यालय मोती बाग के प्राचार्य विजय पाल, अटल आदर्श विद्यालय किदवई नगर के पीजीटी (वाणिज्य) के. के. शर्मा, अटल आदर्श प्राथमिक विद्यालय आर. के. आश्रम मार्ग हेमंत कुमार, संगीत शिक्षक अटल आदर्श विद्यालय के सहायक शिक्षक सतीश कुमार, सहित कुल 13 शिक्षक सम्मानित किये गये।
शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र शील्ड और 15 हजार का नकद पुरस्कार
पुरस्कृत शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, शील्ड, शॉल और 15,000 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। एनडीएमसी शिक्षक पुरस्कार 2026 उन शिक्षकों के योगदान को स्वीकार करने की एक महत्वपूर्ण पहल है जो लगातार शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए प्रयास करते हैं, रचनात्मकता और नवीनता को प्रोत्साहित करते हैं और छात्रों को ज्ञान, मूल्यों और जीवन कौशल की मजबूत नींव प्रदान करते हैं।


Download Android App
Download iOS App




