25 साल पुरानी थी दिल्ली के सीमापुरी में ढही 4 मंजिला इमारत, गर्भवती महिला समेत 4 की मौत, भूकंप के बाद बिल्डिंग में आई थी दरारें

Summary :

दिल्ली के सीमापुरी में बुधवार दोपहर एक चार मंजिला इमारत ढह गई। इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में एक चार महीने की गर्भवती महिला, एक बच्चा और एक 12 साल की लड़की शामिल हैं।

दिल्ली के सीमापुरी में बुधवार दोपहर को एक चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस हादसे में मरने वालो की संख्या बढ़कर 4 हो गई है, गुरुवार को रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे से 1 शव बरामद किया गया। देर रात करीब 11 लोगों को बाहर निकाला गया। फिलहाल घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अभी भी मलबे में 2-3 लोगों के फंसे होने की आशंका है।

गर्भवती महिला समेत 4 की मौत, 8 घायल

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग, एमसीडी और एनडीआरएफ की टीम पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। बुधवार देर रात मलबे से 11 लोगों को बाहर निकाला गया, जिसमें से 3 लोग मृत पाए गए। इसमें चार महीने की गर्भवती गुलफशा (21), एक बच्चे और 12 साल की लड़की शामिल है। वहीं गुरुवार सुबह 1 और शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान नहीं हो पाई है। 8 घायलों की पहचान अब्दुल (28), अब्दान (3), मोमीन मिर्जा (56), सलमा (50), दबरुद्दीन (28), समद (30), सकीना (35) और छोटे (34) के तौर पर हुई है।

20-25 साल पुरानी थी बिल्डिंग

MCD के मुताबिक, दिल्ली के न्यू सीमापुरी में बुधवार दोपहर गिरी बिल्डिंग करीब 20-25 साल पुरानी बताई जा रही है। इसमें कचरा और प्लास्टिक बीनकर गुजर-बसर करने वाले परिवार रहते थे। इस हादसे से बगल की दो इमारतें और पास की एक मस्जिद की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गईं हैं। यह बिल्डिंग 25 गज की जमीन पर बना हुआ है

भूकंप के बाद बिल्डिंग में दरारें आने का दावा

स्थानीय लोगों का दावा है कि मंगलवार रात आए भूकंप के बाद इस बिल्डिंग में दरारें आने लगी थीं और मकान मालिक इसे खाली कराने की कोशिश में था। हालांकि हादसे की असली वजह जांच के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल, एनडीआरएफ, पुलिस, दमकल और एमसीडी की टीमें घटनास्थल पर डटी हुई हैं और मलबा हटाने का काम लगातार जारी है।

Also Read: Who is Dinesh Falahari Maharaj: दिनेश फलाहारी का नया दावा, प्रेमानंद महाराज से मिलने पर विराट कोहली को दिए 2 करोड़ रुपये

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।