नई दिल्ली : अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने एवं आम आदमी पार्टी द्वारा राजनीतिकरण किए जाने को लेकर रविवार से दिल्ली भाजपा पहले चरण के अंतर्गत 22 विधानसभाओं में दिल्ली बचाओ-भाजपा लाओ, अनधिकृत कॉलोनी जन संपर्क, भाजपा करेगी न्याय अभियान की शुरुआत करेगी। इसे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतमश, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, नेता विपक्ष विजेंद्र गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।
इसके तहत 55 महीने की केजरीवाल सरकार की पोल खोलेंगे। इस अभियान के संयोजक कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि इस अभियान में दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के नेतृत्व में 22 विधानसभाओं में भाजपा के सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, निगम पार्षद और मंडल अध्यक्ष सहित हजारों कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2014 से केंद्र की सरकार ने अनधिकृत कॉलोनियों को पक्का करने की दिशा में काम शुरू कर दिया था, लेकिन केजरीवाल सरकार ने कभी सहयोग नहीं किया।
इन कॉलोनियों की बाउंड्री के लिए केंद्र सरकार की ओर से कई पत्र दिल्ली सरकार को लिखे, लेकिन दिल्ली सरकार ने कोई भी ठोस कदम नही उठाया। इस अभियान के माध्यम से न केवल केजरीवाल सरकार के झूठ का पर्दाफाश किया जाएगा, बल्कि अनधिकृत कॉलोनियों के नियमित करने को लेकर केंद्र सरकार के द्वारा किए जा रहे प्रयासों को भी भाजपा जन-जन तक पहुंचाएगी। अभियान के पहले चरण की शुरुआत रविवार से आठ जिलों में होगी। चहल को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता अभियान में सफल प्रदर्शन के बाद इस अभियान का संयोजक बनाकर जिम्मा सौंपा गया है।


Download Android App
Download iOS App



