पूर्वी दिल्ली : शादी के कुछ दिन बाद ही एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान अरुण कुमार (27) के रूप में हुई है। सूत्रों के मुताबिक वह कान में ईयरफोन लगाकर बाइक चला रहा था। जैसे ही वह गाजीपुर श्मशान घाट के पास पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार क्लस्टर बस ने उसे कुचल दिया। गाजीपुर पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर चालक देवेंद्र (50) को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, इस हादसे के बाद से अरुण के परिवार में मातम का माहौल है। उसकी पत्नी प्रियंका के हाथ की मेहंदी का रंग अभी उतरा भी नहीं था कि उसके माथे का सिंदूर मिट गया। अरुण की मौत के बाद से उसका भी रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के मुताबिक अरुण अपने परिवार के साथ हर्ष विहार बी-45 में रहता था। कुछ दिन पहले ही गत तीन मार्च को उसकी शादी नोएडा निवासी प्रियंका से हुई थी। अरुण ओखला स्थित एक सॉफ्टवेयर कंपनी में जॉब करता था। शादी के लिए उसने एक महीने की छुट्टी ली हुई थी। पिछले तीन दिन से ही उसने ऑफिस जाना शुरू किया था। वह मंगलवार सुबह बाइक लेकर घर से ऑफिस के लिए निकला था। सुबह करीब 9:30 बजे जैसे ही वह गाजीपुर गांव श्मशान घाट के पास पहुंचा।
उसे एक क्लस्टर बस ने जोरदार टक्कर मार दी। जैसे ही अरुण सड़क पर गिरा, बस का अगला और पिछला चक्का उसके ऊपर से उतर गया। बताया जा रहा है कि उस वक्त अरुण ने अपने कानों में ईयरफोन लगा रखी थी। हो सकता है कि उसने कॉल आने पर बाइक रोककर बात करने के लिए ईयरफोन लगाया हो। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अरुण को तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत बस चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी देवेंद्र मूलरूप से बागपत यूपी का रहने वाला है। वह पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में किराए के मकान में रहता है।


Download Android App
Download iOS App



