दिल्ली में पीने के पानी को लेकर एक केंद्रीय एजेंसी की रिपोर्ट पर संदेह जताते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने उपभोक्ता मामले के मंत्री रामविलास पासवान को पानी की गुणवत्ता की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से करवाने की चुनौती दी है।
उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार के एक अन्य विभाग-जल शक्ति मंत्रालय ने दिल्ली में पाइप के जरिए आपूर्ति किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता की तारीफ की थी। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की हालिया रिपोर्ट में दिल्ली व अन्य शहरों के पानी के नमूने को कई गुणवत्ता मानकों पर विफल पाया गया था। बीआईएस, उपभोक्ता मामले के मंत्रालय के अधीन आता है।
आप नेता संजय सिंह ने कहा कि जल शक्ति मंत्रालय ने दिल्ली में पाइप के जरिए आपूर्ति किए जा रहे पेयजल की सराहना की थी। संजय ने कहा, “हम किसी भी स्वतंत्र एजेंसी से पाइप के पानी की जांच करवाने के लिए तैयार हैं। सच्चाई यह है कि उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय की रिपोर्ट जल शक्ति मंत्रालय की रिपोर्ट की विरोधाभाषी है, जिससे साबित होता है कि उपभोक्ता मंत्रालय का रिपोर्ट संदिग्ध है।” दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी उपभोक्ता मंत्रालय द्वारा नियंत्रित बीआईएस की रिपोर्ट को चुनौती दी है और जोर देकर कहा है कि दिल्ली जल बोर्ड का पानी सुरक्षित है।


Download Android App
Download iOS App



