नई दिल्ली : दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह, एनडी गुप्ता और सुशील गुप्ता ने राजधानी में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए मंगलवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने गृह मंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से आप सांसदों ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था का जायजा लेने के साथ उसमें सुधार करने और जरूरी कदम उठाने की बात कही।
संजय सिंह ने ज्ञापन के माध्यम से गृह मंत्री अमित शाह को दिल्ली के मौजूदा हालातों से अवगत कराते हुए कहा कि राजधानी में दिन-ब-दिन अपराध बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन सड़कों पर लूटपाट और हत्याओं के मामले देखने को मिल रहे हैं। अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है। आम जनता सड़क तो दूर अपने घर में भी सुरक्षित नहीं है।पिछले महीने द्वारका मोड़ पर हुई घटना का हवाला देते हुए एनडी गुप्ता ने कहा कि उस घटना का जो वीडियो वायरल हुआ उसमें साफ तौर से देखा जा सकता है, कि अपराधियों में पुलिस और कानून का कोई खौफ नहीं है।
खुलेआम अपराधियों ने चलती गाडी रोककर सड़क पर गोलियों से भून दिया। उन्होंने बताया की मात्र जून के महीने में दिल्ली की सड़कों पर 43 शूटिंग की घटनाएं हुई जिनमें 243 राउंड फायरिंग की घटनाएं हुई। इनमें 16 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता की पत्नी शोभा गुप्ता के साथ हुए हादसे का हवाला देते हुए सुशील गुप्ता ने बताया कि न केवल आम आदमी बल्कि सुरक्षा में चलने वाले लोग भी अब दिल्ली की सड़कों पर सुरक्षित नहीं है।
उन्होंने बताया कि किस तरह से मंडी हाउस के इलाके में दिनदहाड़े दो बाइक सवारों ने शोभा गुप्ता की गाड़ी को रोककर उनका बैग छीना और ज्वलंत पदार्थ उनकी गाड़ी पर फेंककर मौके से फरार हो गए। अगर दिल्ली में सुरक्षा में चलने वाले वीआईपी लोगों की यह स्थिति है तो एक आम नागरिक का हाल क्या होगा? ज्ञापन के माध्यम से तीनों सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह किया कि वे तत्काल प्रभाव से दिल्ली के पुलिस कमिश्नर के साथ एक बैठक करें और दिल्ली की कानून-व्यवस्था को सुधारने पर तुरंत प्रभाव से जरूरी कदम उठाएं।


Download Android App
Download iOS App



