पश्चिमी दिल्ली : दिल्ली के आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शुक्रवार की सुबह करीब पौने आठ बजे एक महिला अचानक मेट्रो के आगे कूद गई। हादसे के दौरान इससे पहले की मेट्रो चालक इमरजेंसी ब्रेक लगाकर हादसे को टाल पाता मेट्रो की चपेट में आने से महिला बुरी तरह से जख्मी हो गई। तत्काल मेट्रो पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने महिला को मेट्रो ट्रैक से खींचकर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस के एक अधिकारी ने मृतका की पहचान 25 साल की अनीता के तौर पर की गई है, जो दिल्ली के जहांगीरपुरी के धोबी घाट इलाके में अपने पति के साथ रहती थी। पुलिस को महिला के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, फिलहाल मौत के पीछे की वजह का पता नहीं चल पाया है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता कि महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर की रहने वाली है और वर्ष 2015 में उसकी शादी धर्मेन्द्र से हुई थी। धर्मेन्द्र जहांगीरपुरी इलाके में ही टायर में पंक्चर लगाने का काम करता है।
दोनों की साढ़े तीन साल और आठ माह की दो बेटियां हैं। पूरा परिवार जहांगीरपुरी इलाके में रह रहा था। जानकारों की मानें तो महिला का अपने पति से ही मामूली बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद गुस्से में उसने यह कदम उठा लिया। फिलहाल महिला के परिजनों को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है और उनके दिल्ली आने का इंतजार किया जा रहा है। उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं और स्थानीय एसडीएम मामले की जांच कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



