नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी में आज कल माफियों का दौर चल रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने पुराने मामलों को माफी के जरिए सुलझाना चाहते हैं तो दूसरी ओर त्रिलोकपुरी से आम आदमी पार्टी के विधायक राजू धींगान को भी एक विवादित पोस्टर के वायरल होने के बाद माफी मांगनी पड़ी। भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने आम आदमी पार्टी के विधायक के इस पोस्टर को ट्वीट किया था, जिसके कारण उन्हें फजीहत झेलनी पड़ी और उन्होंने माफी मांगी।
त्रिलोकपुरी 22 ब्लॉक में एक चौपाल पर रविवार रात को स्थानीय लोगों ने एक पोस्टर लगाया, जिसमें विधायक को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जगह दिखाया गया है। पोस्टर में विधायक ने अंबेडकर की तरह नीले रंग का कोट और हाथ में संविधान लिया हुआ है। सोमवार सुबह जब लोगों ने इस पोस्टर को देखा तो हंगामा करना शुरू कर दिया। इसकी भनक जब विधायक के कार्यालय को लगी तो आनन-फानन में पोस्टर को उतार कर फाड़ दिया गया, लेकिन तब तक यह पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था।
वहीं, इस मामले में मंगलवार को विधायक ने ट्विटर पर माफी मांगते हुए कहा कि मेरे क्षेत्र के लोगों ने अति उत्साह में उनकी तुलना भीम राव अंबेडकर से कर दी है जो अनुचित है। पोस्टर को हटवा दिया गया है। जिन लोगों ने पोस्टर लगाए हैं उन्हें भी फटकार लगाई है। वहीं, उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने अनजाने में यह गलती की है, इसलिए वह उनके खिलाफ कोई शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं करवाएंगे। इतना ही नहीं, विधायक ने ट्विटर पर माफी मांगते हुए कहा कि मैं तो अंबेडकर के चरणों की धूल भी नहीं हूं। मेरी तुलना अंबेडकर से करना गलत है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



