नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की तरह एक दिन उनकी भी हत्या करवा दी जाएगी। केजरीवाल ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनकी जान के पीछे पड़ी है और उनका मर्डर किया जा सकता है। पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार कर रहे अरविंद केजरीवाल ने ये बातें कहीं। आम आदमी पार्टी (आप) ने इसका पूरा वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट पर भी जारी किया है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बतौर सीएम रहते उनके ऊपर पांच बार हमले हो चुके हैं। ऐसा 70 साल में नहीं हुआ है कि किसी राज्य के मुख्यमंत्री पर पांच-पांच बार हमले हुए हों। केजरीवाल ने सवाल उठाया कि आखिर ये हमले क्यों हो रहे हैं? केजरीवाल ने भाजपा का नाम लेते हुए कहा कि राजनीतिक दल उन पर हमला करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं तो लोगों के बच्चों को पढ़ा रहा हूं, स्कूल भेज रहा हूं, इलाज करवा रहा हूं, मैं धर्म और पुण्य के काम कर रहा हूं, निश्चित रूप से ये पार्टियां हमले करवा रही हैं।
पहले तो उन्होंने पैटर्न बनवा दिया है, एक के बाद एक छोटे-छोटे हमले करवा रहे हैं, मुझे पूरा यकीन है ये भाजपा वाले एक दिन खत्म करवा देंगे। सीएम ने कुछ सवाल उठाए और पूछा कि क्या इस तर्क के आधार पर अगर कोई आप का कार्यकर्ता केजरीवाल से नाराज है तो उसे मार सकता है? कांग्रेस का कोई कार्यकर्ता कैप्टन साहब से नाराज है तो मार सकता है?
भाजपा का कोई कार्यकर्ता मोदी जी से नाराज है तो मार सकता है। आज मैं अकेला मुख्यमंत्री हूं, जिसकी सिक्योरिटी मेरे कब्जे में नहीं है। ये जितने आगे पीछे घूम रहे हैं। सारे भाजपा की सरकारों को रिपोर्ट करते हैं। मेरा पीएसओ भाजपा को रिपोर्ट करता है। कहीं इंदिरा गांधी की तरह भाजपा वाले मेरे पीएसओ से खत्म करवा देंगे मेरे को।
भावनाओं से खेलते हैं सीएम : कांग्रेस
सीएम के इस बयान पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। दिल्ली कांग्रेस के नेता जितेंद्र कोचर ने कहा कि केजरीवाल को पता है कि दिल्ली में उनका धरातल खत्म हो गया है, जमीन खिसक गई है और पंजाब में वोट बैंक की सहानुभूति पाने के लिए वह ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब के लोग केजरीवाल की बातों में आने वाले नहीं हैं। वे लोगों की भावनाओं से खेलते हैं, उन्हें गुमराह करते हैं, उनकी पार्टी खत्म होने की कगार पर है और वेंटिलेटर पर चली गई।


Download Android App
Download iOS App



