राम जन्मभूमि बाबरी मस्जिद भूमि विवाद में उच्चतम न्यायालय के फैसले के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में निगरानी के लिए शनिवार को ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पूर्वोत्तर दिल्ली समेत शहर के कई हिस्सों में लोगों के साथ बैठक की गयी और विभिन्न क्षेत्रों में गश्त के साथ साथ ड्रोन से निगरानी की गई ।
पुलिस ने बताया कि व्यवस्था बनाये रखने के लिए पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की गयी है । गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय ने अयोध्या में विवादित स्थल पर शनिवार को अपने फैसले में राम मंदिर बनाये जाने का मार्ग प्रशस्त किया है और केंद्र सरकार को सुन्नी वक्फ बोर्ड को पांच एकड़ जमीन आवंटित करने का आदेश दिया है ।
उच्च्तम न्यायालय के फैसले के आलोक में दिल्ली पुलिस ने लोगों से शांति बनाये रखने और सद्भाव कायम करने की अपील की है । दिल्ली पुलिस की ओर से जारी परामर्श में कहा गया है कि शरारती तत्वों के खिलाफ अथवा उन लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी जो शांति और व्यवस्था भंग करने या इस तरह की अन्य गतिविधि में शरीक होते हैं ।


Download Android App
Download iOS App



