उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुये शनिवार को कहा कि देश की एकता व सद्भाव बनाए रखने में सभी सहयोग करें। योगी ने ट्वीट करके कहा, ‘‘माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्णय का स्वागत है, देश की एकता व सद्भाव बनाए रखने में सभी सहयोग करें। उत्तर प्रदेश में शांति, सुरक्षा और सद्भाव का वातावरण बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।”

योगी ने अपने दूसरे ट्वीट में कहा, ‘‘यह भारतीय चिरंतन मूल्य, सह-जीवन, सह-अस्तित्व, सहयोग और सहकार की भावना का परीक्षा काल है। सम्पूर्ण विश्व की दृष्टि भारत की तरफ है। आइये, प्रभु श्रीराम के धैर्य और मर्यादा का अनुसरण करते हुए शांति, सद्भाव और समरसता को दृढ़ता प्रदान कर अपने आचरण से विश्व को प्रभु श्रीराम का संदेश दें।”

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को सर्वसम्मति के फैसले में अयोध्या में विवादित स्थल पर राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर दिया और केन्द्र को निर्देश दिया कि नई मस्जिद के निर्माण के लिये सुन्नी वक्फ बोर्ड को प्रमुख स्थान पर पांच एकड़ का भूखंड आवंटित किया जाए। प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने इस व्यवस्था के साथ ही राजनीतिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील 134 साल से भी अधिक पुराने इस विवाद का पटाक्षेप कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



