विभिन्न ट्रेड यूनियनों द्वारा केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ बुधवार को आहूत भारत बंद से दिल्ली में यातायात पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। वाम दलों और कांग्रेस से जुड़े कई ट्रेड यूनियनों ने बुधवार को महा हड़ताल की घोषणा की है। मुनिरका और शहर के अन्य हिस्सों में यातायात आम दिनों की तरह रहा। इस दौरान व्यापारिक और वाणिज्यिक संस्थान भी खुले रहे। आईटीओ जाने वाले शहीद पार्क रोड जैसे कुछ क्षेत्रों को प्रदर्शनकारियों के मार्च के कारण बंद कर दिया गया।
केंद्र की नीतियों के विरोध के साथ-साथ प्रदर्शनकारियों की 12 सूत्री मांगें भी हैं, जिसमें वेतन बढ़ाने, न्यूनतम वेतन तय करने, सामाजिक सुरक्षा और सभी के लिए एक सप्ताह में पांच दिन काम करने की मांग शामिल हैं। बुधवार को हड़ताल में शामिल ट्रेड यूनियनों में इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (आईएनटीयूसी), ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एआईटीयूसी), हिंद मजदूर सभा (एचएमएस) और सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीआईटीयू) हैं।


Download Android App
Download iOS App



