भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला तेज करते हुए शनिवार को उनसे सवाल किया कि वह भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार हुए अपने मंत्री सत्येंद्र जैन को क्यों ‘‘बचा’’ रहे हैं।
भाजपा ने उनसे पूछा कि क्या जैन के पास केजरीवाल की कोई फाइल है।
जैन पर शुक्रवार को अदालत की एक टिप्पणी के हवाले से भाजपा के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, ‘‘केजरीवाल को इस पर विचार करना चाहिए कि क्या उन्हें जैन को मंत्री पद पर बरकरार रखना चाहिए।’’
उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार जैन का इस्तीफा क्यों नहीं मांग रहे हैं। पूनावाला ने कहा, ‘‘केजरीवाल शायद इसलिए मंत्री को बचा रहे हैं, क्योंकि जैन के पास उनकी कोई फाइल है।’’
दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में पूनावाला ने नयी आबकारी नीति वापस लेने के फैसले को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह कदम भाजपा के इस दावे की पुष्टि करता है कि यह ‘‘शराब घोटाला था, न कि शराब नीति।’’


Download Android App
Download iOS App



