दिल्ली को बेहतर बनाने में जुटी भाजपा सरकार: CM रेखा गुप्ता

Summary :

मोदी के नेतृत्व में दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाएं सशक्त

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली को सुधारने के लिए निरंतर प्रयासों की बात कही। उन्होंने आयुष्मान वय वंदन योजना वैन का शुभारंभ किया, जो बुजुर्गों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में मदद करेगी। यह पहल ‘सबका साथ, सबका विकास’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनकी सरकार दिल्ली को बेहतर बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है। उनके लिए साल के सभी 365 दिन चौबीसों घंटे काम करना महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों द्वारा दिल्ली के लोगों को पहुंचाए गए 27 वर्षों के नुकसान की भरपाई करना जरूरी है। इसीलिए उनकी सरकार निरंतर काम कर रही है। सीएम रेखा गुप्ता ने रविवार को आयुष्मान वय वंदन योजना वैन का शुभारंभ किया। यह मोबाइल वैन 70 विधानसभाओं में जाएगी और 70 साल से अधिक उम्र के लोगों का पंजीकरण कराने में मदद करेगी। इसके अंदर स्टाफ तैनात होंगे जो बुजुर्गों को इस योजना से जोड़ने में मदद करेंगे। सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को दिल्ली के हर कोने तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सशक्त कदम है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ और ‘आयुष्मान भारत’ जैसे जनकल्याणकारी विजनों को जमीन पर साकार करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

दिल्ली के लाखों बुजुर्गों को मिली स्वास्थ्य सुविधाएं: CM रेखा गुप्ता

उन्होंने कहा कि 70 दिन, 70 वैन, 70 विधानसभा, 70 वर्ष से ऊपर के नागरिकों को समर्पित – यह विशेष पहल हमारे बुजुर्गों के सम्मान, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सरकार की गहरी संवेदनशीलता का प्रतीक है। हम दिल्लीवासियों, विशेषकर अपने वरिष्ठ नागरिकों को उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं और सुदीर्घ जीवन प्रदान करने के संकल्प में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

मीडिया से रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में यह वैन जाएगी और बुजुर्गों का पंजीकरण कराया जाएगा। इस वैन के जरिए लोग आसानी से अपना पंजीकरण करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि वैन के अंदर ही दो कर्मचारी मौजूद रहेंगे जो बुजुर्गों का रजिस्ट्रेशन करने में उनकी मदद करेंगे। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जो योजनाएं बुजुर्गों के लिए चलाई जा रही हैं, उनकी जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.