दिल्ली नगर निगम चुनावों के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर एक और स्टिंग बम फोड़ा है। बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के नेता मुकेश गोयल पर दिल्ली नगर निगम के एक जूनियर इंजीनियर से पार्टी नेताओं को उपहार देने के एवज में पैसे मांगने का आरोप लगाया।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुकेश गोयल के कथित ‘स्टिंग ऑपरेशन’ का एक वीडियो दिखाते हुए कहा कि ‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल को मुकेश गोयल को तुरंत पार्टी से बर्खास्त कर देना चाहिए। हालांकि बीजेपी के आरोपों पर गोयल और ‘आप’ की तरफ से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
स्टिंग ऑपरेशन में भ्रष्टाचारी AAP फिर हुई एक्सपोज़। #AAPExposed pic.twitter.com/tVrRbdDGKZ
— BJP Delhi (@BJP4Delhi) November 18, 2022
बीजेपी नेता ने आरोप लगाया,“मुकेश गोयल ने एमसीडी के जूनियर इंजीनियर से यह कहते हुए एक करोड़ रुपये मांगे कि इसकी जरूरत 100-150 नेताओं को दिवाली उपहार देने के लिए है।” उन्होंने आगे दावा किया कि गोयल केजरीवाल के “खास” थे, जिन्होंने कभी भी एमसीडी मामलों पर उनसे परामर्श किए बिना कोई निर्णय नहीं लिया।
कांग्रेस छोड़ AAP में शामिल हुए थे मुकेश
मुकेश गोयल आदर्श नगर वार्ड से एमसीडी चुनाव में ‘आप’ के उम्मीदवार हैं। पांच बार नगर पार्षद रहे, गोयल ने पिछले साल नवंबर में कांग्रेस छोड़ ‘आप’ का हाथ थामा लिया था। दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों के चुनाव के लिए मतदान 4 दिसंबर को होगा और 7 दिसंबर को मतों की गिनती की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



