South-East District Crime News : साउथ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के कालिंदी कुंज इलाके में एक युवक की कथित तौर पर सिर पर पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस को युवक का शव दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास एक लावारिस कंटेनर से बरामद हुआ है। अभी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक युवक की उम्र करीब 25 से 30 वर्षीय आंकी जा रही है।
डीसीपी (साउथ-ईस्ट) विनीत कुमार ने बताया कि पुलिस को युवक के सिर के बाईं ओर चोट का निशान मिला है। मौके पर काफी मात्रा में खून भी फैला हुआ था। पुलिस ने क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल की जांच और फोटोग्राफी कराई है और साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस को मौके से खून से सना एक पत्थर भी मिला है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:13 बजे सूचना मिली कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एनटीपीसी की दीवार से सटे इलाके में स्थानीय तौर पर ‘बबलू का कंटेनर’ नाम से पहचाने जाने वाले एक लावारिस कंटेनर में शव पड़ा है। सूचना मिलते ही कालिंदी कुंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के बाद शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में भेज दिया।
डीसीपी ने बताया कि मृतक के शरीर पर नीले रंग की टी-शर्ट और नीली धारियों वाला नेकर्स था। तलाशी में मृतक के पास से 70 रुपये और खैनी-तंबाकू बरामद हुआ है। यह भी आशंका है कि युवक की मौत करीब 24 घंटे पहले हुई होगी। हालांकि मौत का सही समय और कारण पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।



Download Android App
Download iOS App




