Paschim Vihar West थाने में CBI की रेड, SI रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसएचओ लाइन हाजिर

Summary :

CBI Raid Delhi Police Station: बाहरी जिला के पश्चिम विहार वेस्ट थाना उस समय चर्चा में आ गया जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने थाने में छापेमारी कर एक सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी तुरंत एक्शन लेते हुए थाना एसएचओ को डिस्ट्रिक्ट लाइन भेज दिया है, जबकि अब थाने के एटीओ को एसएचओ का कार्यभार सौंपा गया है। जानकारी के अनुसार मामला 26 मार्च को हुए एक झगड़े से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि इस मामले में कार्रवाई को प्रभावित करने और आरोपी…

CBI Raid Delhi Police Station: बाहरी जिला के पश्चिम विहार वेस्ट थाना उस समय चर्चा में आ गया जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने थाने में छापेमारी कर एक सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी तुरंत एक्शन लेते हुए थाना एसएचओ को डिस्ट्रिक्ट लाइन भेज दिया है, जबकि अब थाने के एटीओ को एसएचओ का कार्यभार सौंपा गया है।

जानकारी के अनुसार मामला 26 मार्च को हुए एक झगड़े से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि इस मामले में कार्रवाई को प्रभावित करने और आरोपी पक्ष को राहत देने के बदले सब-इंस्पेक्टर ने मोटी रिश्वत की मांग की थी। सूत्रों के मुताबिक शुरुआत में सब-इंस्पेक्टर ने पांच लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन बाद में बातचीत के बाद तीन लाख रुपये में डील तय हो गई थी।

सीबीआई ने मामले की गुप्त जांच शुरू की

पीड़ित पक्ष ने रिश्वत की मांग से परेशान होकर इसकी शिकायत सीबीआई से कर दी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की गुप्त जांच शुरू की और कई दिनों तक दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत को रिकॉर्ड और इंटरसेप्ट किया। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद सीबीआई ने ट्रैप प्लान किया।

शुक्रवार को जब सब-इंस्पेक्टर थाने में ही एक लाख रुपये की पहली किस्त ले रहा था, तभी सीबीआई की टीम ने मौके पर छापा मारकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद सीबीआई टीम आरोपी सब-इंस्पेक्टर को अपने साथ ले गई और आगे की पूछताछ शुरू कर दी।

दिल्ली पुलिस विभाग में भी हलचल

सीबीआई की कार्रवाई के बाद दिल्ली पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत विभागीय कार्रवाई करते हुए आरोपी सब-इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है। साथ ही थाना प्रभारी एसएचओ को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि आरोपी सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ आगे बर्खास्तगी की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

Also Read: दिल्ली में खूनी खेल, महेंद्र पार्क और शालीमार बाग में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

Kajal Yadav

काजल यादव पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। वास्तु, ट्रैवल , वायरल, हेल्थ और लाइफस्टाइल के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद करती हैं। रामा विश्वविद्यालय (कानपुर) से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद दीनार टाइम्स (कानपुर) से पत्रकारिता की शुरुआत करते हुए बत्तौर 'सोशल मीडिया' संभालने से लेकर 'वॉइस ओवर' के रूप में काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। कानपुर में जन्म लेने वाली काजल की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है।