राजधानी में बादल छाने और हल्की बारिश का है पूर्वानुमान, न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस हुआ दर्ज

Summary :

राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को बादल छाने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। आईएमडी ने कहा कि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को बादल छाने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह साढ़े 8 बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 85 प्रतिशत रहा।
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 89 रहा। एक्यूआई को शून्य और 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तथा न्यूनतम तापामन 34.7 डिग्री सेल्सियस और 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बता दें कि दिल्ली के लिए जुलाई महीने का दूसरा पखवाड़ा बारिश के लिहाज से बेहद अच्छा साबित हो रहा था। इससे पहले मानसून की देरी और हल्की बूंदाबांदी के चलते बारिश का आंकड़ा बेहद कम रहा था। बारिश नहीं होने के चलते लोगों को सामान्य से ज्यादा गर्मी और प्रदूषण का भी सामना करना पड़ रहा था। जबकि, पिछले तीन-चार दिनों के बीच हुई अच्छी बरसात ने बारिश की कमी को पूरा कर दिया है।

Desk Team