नई दिल्ली : भाजपा नेता व सांसद विजय गोयल के निवास पर रविवार को सैकड़ों ऑटो चालकों व टैक्सी वालों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। गोयल ने खुद इन ऑटो चालकों को सदस्य बनाया। इसके बाद उन्होंने अपील की कि मोदी जी के विकास की योजनाओं के साथ वह जुड़े और दिल्ली को बेहतरीन बनाने के लिए काम करें। ऑटो चालको ने कहा कि उनके भाजपा में आने के दो कारण हैं, पहला केजरीवाल की सरकार ने उनको धोखा दिया और उनसे किए हुए वादों को पूरा नहीं किया।
दूसरा वे मोदी जी के कामों से प्रभावित हैं, इसलिए केजरीवाल का हाथ छोड़ भाजपा का साथ देंगे। ऑटो चालक नरेन्द्र सिंह ने कहा कि जो विजय गोयल लाॅटरी की समस्याओं को खत्म कर सकते हैं वे हमारी समस्याओं को भी हल करेंगे। रविवार को विजय गोयल नजफगढ़ पहुंचे। यहां गोयल ने नजफगढ़ के पूर्व विधायक अजीत खरखड़ी के साथ मिलकर पौधरोपण किया और सदस्या अभियान चलाया। इस दौरान विजय गोयल के मौजूदगी में खरखड़ी ने करीब 500 लोगों को भाजपा का सदस्य बनाया।
इस मौके पर गोयल ने पौधे लगाकर दिल्ली को प्रदुषण मुक्त बनाने का संकल्प लोगों को दिलवाया व अनधिकृत काॅलोनियोंं के अधिकार की लड़ाई लड़ने का वादा किया। गोयल ने लोगो की समस्याओं को सुना और एक बड़ी लड़ाई छेड़ने का प्रण लिया। पूर्व विधायक अजीत खरखड़ी ने नजफगढ़ की पानी व् टूटी हुई सड़कों के मुद्दे पर केजरीवाल सरकार को घेरते हुए कहा कि अबकी बार केजरीवाल की काठ की हांड़ी दोबारा नहीं चढ़ेगी।


Download Android App
Download iOS App



