उन्नाव हादसे को लेकर बोली प्रियंका – क्या बीजेपी सरकार से न्याय की उम्मीद की जाए

Summary :

हादसे में पीड़िता की मौसी, चाची और ड्राइवर की मौत हो गई। पीड़ित महिला और उसके वकील को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन्नाव बलात्कार पीड़िता के साथ हुई सड़क दुर्घटना को चौंकाने वाली घटना करार देते हुए सोमवार को उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि आखिर बीजेपी सरकार से न्याय की क्या उम्मीद की जा सकती है। 
उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘उन्नाव बलात्कार पीड़िता के साथ सड़क दुर्घटना का हादसा चौंकाने वाला है।” प्रियंका ने सवाल किया,’ इस केस में चल रही सीबीआई जांच कहां तक पहुँची? आरोपी विधायक अभी तक बीजेपी में क्यों हैं? पीड़िता और गवाहों की सुरक्षा में ढिलाई क्यों?’  

उन्होंने यह भी पूछा, ‘इन सवालों के जवाब बिना, क्या बीजेपी सरकार से न्याय की कोई उम्मीद की जा सकती है?’ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘बलात्कार के घृणित अपराध की पीड़ित बेटी के लिए उन्नाव व यू.पी न्याय चाहता था,पर न्याय की बजाय क्या हुआ? हत्या का षड्यंत्र? पिता की पुलिस हिरासत में हत्या, अब परिवार खोया और लड़ रही ज़िंदगी की जंग!’ 

उन्होंने सवाल किया, ‘आदित्यनाथ जी- मेरा कातिल ही मेरा मुंसिफ़ है, क्या मेरे हक़ में फैसला देगा?’ गौरतलब है कि गत रविवार को हुए सड़क हादसे में उन्नाव बलात्कार मामले की पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में पीड़िता की मौसी, चाची और ड्राइवर की मौत हो गई। पीड़ित महिला और उसके वकील को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर मामले का मुख्य आरोपी हैं। 

Desk Team