मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि दिल्ली में कोविड-19 स्थिति नियंत्रण में है और मरीजों के स्वस्थ होने की दर सुधर रही है। आंबेडकर नगर में एक अस्पताल के उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि अगर स्थिति फिर बिगड़ती है तो सरकार उसका सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

केजरीवाल ने उद्घाटन कार्यक्रम में कहा, “इस अस्पताल की कल्पना 2013 में की गई थी। यह 600 बिस्तरों वाला अस्पताल है। हम शुरुआती 200 बिस्तरों का उद्घाटन कर रहे हैं जिनका इस्तेमाल कोविड-19 मरीजों के इलाज के लिए किया जाएगा।” दिल्ली में कोविड-19 की स्थिति पर, मुख्यमंत्री ने कहा, “स्थिति नियंत्रण में है, सभी मापदंड ठीक हैं, स्वस्थ होने की दर सुधर रही है, संक्रमण का अनुपात और मृत्यु दर घटी है।”
उन्होंने कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि ये 200 बिस्तर खाली रहें..हम उस स्थिति में फिर कभी न जाएं जहां हमें इन बिस्तरों का इस्तेमाल करना पड़े। लेकिन स्थिति अगर फिर से बिगड़ती भी है तो हम उसका सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”केजरीवाल ने कहा कि अस्पताल का उद्घाटन शहर में स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक कदम है।
उन्होंने कहा, “हमने धीरे-धीरे कोविड-19 के मरीजों के लिए बिस्तरों की संख्या बढ़ाई है।” इससे पहले 25 जुलाई को केजरीवाल ने बुराड़ी में 450 बिस्तरों वाले अस्पताल का उद्घाटन किया था। बाद में इस अस्पताल में कुल 700 बिस्तरों की व्यवस्था होगी।


Download Android App
Download iOS App



