दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज (मंगलवार) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद में मुलाकात करेंगे। पिछले महीने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद केजरीवाल और प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली मुलाकात होगी। दोनों के बीच मुलाकात सुबह 11 बजे हो सकती है।
इससे पहले लगातार तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री तौर पर शपथ लेने वाले अरविंद केजरीवाल ने 19 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की थी। दोनों की यह पहली मुलाकात थी। यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। दोनों नेताओं की इस मुलाकात के दौरान दिल्ली के विकास पर भी चर्चा हुई थी।
इस मुलाकात पर अरविंद केजरीवाल ने कहा था, ‘आज गृह मंत्री अमित शाह जी से मिला। मीटिंग बहुत ही अच्छी रही। दिल्ली से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। हम दोनों इस बात को लेकर सहमत थे कि दिल्ली के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे।’
लगातार तीसरी बार CM बने अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल पिछले महीने लगातार तीसरी बार दिल्ली के सीएम बने हैं। 11 फरवरी को आए नतीजों पर 70 विधानसभा सीटों वाली दिल्ली की गद्दी पर आम आदमी पार्टी ने धमाकेदार वापसी की थी। 70 में से 62 सीटों पर जीत मिली। वहीं, बीजेपी को महज आठ सीटों से संतोष करना पड़ा। इस चुनाव में कांग्रेस का खराब प्रदर्शन जारी रहा। इसबार भी पार्टी खाता नहीं खोल सकी थी।


Download Android App
Download iOS App



