जनता को गुमराह कर रहे सीएम : तिवारी

Summary :

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा 200 यूनिट तक बिजली खपत मुफ्त करने की घोषणा महज जनता को गुमराह करने के लिए चुनावी स्टंट है।

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा 200 यूनिट तक बिजली खपत मुफ्त करने की घोषणा महज जनता को गुमराह करने के लिए चुनावी स्टंट है। यह कहना है दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी का। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव को नजदीक आते देख केजरीवाल सब कुछ मुफ्त करने की घोषणा कर रहे हैं। 
जबकि फिक्स चार्ज और लोड चार्ज बढ़ाने के नाम पर उन्होंने उपभोक्तओं से 8500 करोड़ रुपए लूटे हैं जिसे केजरीवाल को लौटाना पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार यदि यह रकम नहीं लौटाती तो भाजपा आंदोलन करेगी। तिवारी ने आगे कहा कि केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना को अभी तक दिल्ली में लागू नहीं किया, जबकि इससे पांच लाख रुपए तक मुफ्त चिकित्सा सुविधा मिल सकती है। 
उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले वह खुद कहते थे कि निजी बिजली कम्पनियां मालामाल हैं और उनका सीएजी ऑटिड होना चाहिए, लेकिन सत्ता में आने के बाद अब कह रहे हैं कि निजी बिजली कम्पनियां कंगाल हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले केजरीवाल बिजली हाफ, पानी माफ की बात करते थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद फिक्स चार्ज और लोड चार्ज बढ़ाकर बिजली कम्पनियों के साथ मिल कर उपभोक्ताओं को लूट रहे हैं। केजरीवाल और डीईआरसी के चेयरमैन आपस में मिले हुए हैं।

Desk Team