CM रेखा गुप्ता ने आवास पर समर्थकों से की मुलाकात, जताया आभार

Summary :

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने समर्थकों से मिलकर उनकी सराहना की

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शालीमार बाग स्थित आवास के बाहर रविवार सुबह भारी भीड़ देखी गई। समर्थक उनसे मिलने और बधाई देने के लिए उमड़ पड़े। इस दौरान कई सीएम रेखा के साथ तस्वीरें खिंचवाते और गुलदस्ते भेंट करते दिखे।

सीएम रेखा गुप्ता ने भी अपने शुभचिंतकों और समर्थकों के सहयोग के लिए आभार जताया।

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास पर उनके समर्थकों और शुभचिंतकों का तांता लगा हुआ है। रेखा गुप्ता सभी से मिलकर उनका अभिवादन स्वीकार कर रही हैं।

शनिवार को दौलत राम कॉलेज की प्रिंसिपल सविता रॉय भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिलने आईं। इस दौरान उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनके पास मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से जुड़ी कई बेहतरीन यादें हैं और उनका आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहेगा।

इससे पहले शनिवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की थी। प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उन्हें ‘दिल्ली की बेटी’ को मुख्यमंत्री के रूप में लोगों की सेवा करने का मौका देने के लिए धन्यवाद दिया था।

इससे पहले रेखा गुप्ता ने अपने आवास से ही जनता को संबोधित किया था। उन्होंने कहा कि हमने जो भी वादे किए हैं, उन्हें हर कीमत पर पूरा किया जाएगा। रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री का ही आशीर्वाद है कि दिल्ली की बेटी को इतना बड़ा सम्मान मिला। मैं लगातार सचिवालय में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर रही हूं और यह सुनिश्चित कर रही हूं कि कोई भी काम न रुके। मैं आश्वस्त करती हूं कि दिल्ली की जनता का एक भी दिन बर्बाद नहीं होने दूंगी। हर दिन का उपयोग दिल्ली की जनता के हित में किया जाएगा। हमारा बस एक ही मिशन है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनका कैबिनेट एक्शन मोड में है। सीएम ने बीते दिनों बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और दिल्ली में खोदी गई सड़कों, क्षतिग्रस्त सड़कों और यातायात संबंधित मुद्दों पर चर्चा की और सुधार के निर्देश दिए थे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.