नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित ने रविवार को बाबरपुर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास मजबूत नेतृत्व है और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। बाबरपुर जिला कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन जिला अध्यक्ष कैलाश जैन ने किया।
शीला दीक्षित ने कहा कि सर्वप्रथम हम अपने देश की सैनाओं के शौर्य और पराक्रम पर गर्व महसूस करते हुए सराहना करते है, जिसका लोहा आज विश्व मान रहा है। इस मौके पर दिल्ली प्रभारी पीसी चाको, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया, पूर्व विधायक मतीन अहमद आदि भी मौजूद थे। शीला दीक्षित ने कहा कि आज कांग्रेस पर दिल्ली को बचाने और बनाने की भारी जिम्मेदारी है।
हमने अपने 15 वर्ष के शासन काल में मिलजुल कर दिल्ली को एक विश्व स्तरीय शहर बनाया था, मगर पिछले चार साल से आम आदमी पार्टी के शासन काल में दिल्लीवासियों के जीवन स्तर को दयनीय स्थिति में पहुचा दिया और दिल्ली अपनी बदहाल हालत पर आंसू बहा रही है। शीला दीक्षित ने कहा कि दिल्ली में सातों लोकसभा सीटों पर भाजपा के सांसद होते हुए भी दिल्लीवासी दुखी और परेशान है तथा दिल्ली बीमारियों से ग्रस्त है तो इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से भाजपा की ही मानी जाएगी।
भाजपा के सातों सांसद दिल्ली में हर मोर्चे पर फेल रहे हैं हमें उनकी नापाक चालों से बचकर रहते हुए कांग्रेस का चुनाव अभियान सच्चाई और ईमानदारी के साथ चलाना चाहिए और आम आदमी पार्टी की झूठ और भाजपा की फरेब की नीतियों का भंडाफोड़ करना कांग्रेस के अभियान का हिस्सा होगा।


Download Android App
Download iOS App



