नई दिल्ली : पिछली कांग्रेस सरकार ने दलितों के नाम पर केवल राजनीति की है, वोट लिया है, लेकिन दलित समाज के हित में कार्य करने का वास्तविक काम हमारे प्रधानमंत्री मोदी और अटल जी की सरकार ने किया है। उक्त बातें भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने रविवार को फिर से एक बार मोदी सरकार के संकल्प को पूरा करने के लिए दलित युवा सम्मेलन के दौरान कही।
मनोज तिवारी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने दलित समाज ही नहीं बल्कि देश का संविधान बनाने वाले बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर को भी हराने का काम किया। यही नहीं कांग्रेस ने उन्हें अपमानित करने का भी काम किया। जब बाबा साहेब का निधन हुआ तो कांग्रेस की सरकार ने उन्हें दिल्ली में अंतिम संस्कार करने के लिए जगह तक नहीं दी और मुंबई ले जाने पर मजबूर किया।
जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर का निर्माण करवाया ताकि उनमें श्रद्धा रखने वाले करोड़ों भारतीय आकर उनके बारे में जान सकें। यही नहीं मोदी सरकार ने बाबा साहेब अंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थ का निर्माण कराया। लोकसभा चुनाव सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने कहा कि कांग्रेस सहित तमाम राजनैतिक दल अपने तात्कालिक हितों के लिए देश की प्रतिष्ठा को दांव पर लगाने पर तुले हैं। लेकिन भाजपा ऐसा होने नहीं देगी। इस मौके पर अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष मोहनलाल गिहारा समेत कई लोग मौजूद रहे।
सेन समाज ने कहा मोदी अगेन
सेन समाज के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की उपस्थित में प्रधानमंत्री मोदी को फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर संगठन मंत्री सिद्धार्थन भी मौजूद रहे। इस मौके पर मनोज तिवारी ने सेन समाज द्वारा प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास जताने के लिए सेन समाज का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी को देश की सेना के अनुशासन पर विश्वास है, ठीक उसी तरह समाज के हर वर्ग मोदी जी पर विश्वास करता है। क्योंकि मोदी जी सबका साथ सबका विकास के मूलमंत्र के साथ समाज के सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखते हैं।


Download Android App
Download iOS App



