हमले की जांच के लिए कांग्रेस की तथ्यान्वेषी समिति ने जेएनयू परिसर का दौरा किया

Summary :

कांग्रेस की चार सदस्यीय तथ्यान्वेषी समिति ने बुधवार को जेएनयू परिसर का दौरा किया और पिछले दिनों हुए हमले के संदर्भ में छात्रों, छात्रसंघ के पदाधिकारियों और कुछ अन्य लोगों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली।

कांग्रेस की चार सदस्यीय तथ्यान्वेषी समिति ने बुधवार को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर का दौरा किया और पिछले दिनों हुए हमले के संदर्भ में छात्रों, छात्रसंघ के पदाधिकारियों और कुछ अन्य लोगों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। 
जेएनयू में छात्रों पर हमले के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस समिति का गठन किया था। इसमें महिला कांग्रेस की प्रमुख सुष्मिता देव, लोकसभा सदस्य हिबी इडेन, राज्यसभा सदस्य सैयद नासिर हुसैन और डूसू की पूर्व अध्यक्ष अमृता धवन शामिल हैं।
 समिति के सदस्यों ने बुधवार को जेएनयू परिसर में छात्रों, छात्रसंघ के पदाधिकारियों और कुछ अन्य लोगों से बातचीत की और उस दिन की घटना के बारे में जानकारी ली। हिबी इडेन ने कहा, ‘‘इस सरकार में देश के प्रमुख विश्वविद्यालयों में अराजकता फैलाई जा रही है। छात्र और युवा परेशान हैं। यहां जो हुआ है वो बहुत दुखद है।’’

Desk Team