सराय काले खां में एफओबी का निर्माण पूरा, यातायात में सुधार की उम्मीद

Summary :

सराय काले खां में एफओबी का निर्माण पूरा, यातायात में सुधार की उम्मीद

सराय काले खां नमो भारत स्टेशन को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से जोड़ने वाले फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का सिविल निर्माण कार्य अब पूरी तरह से पूरा कर लिया गया है। 280 मीटर लंबे इस एफओबी पर नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) ने छह ट्रैवेलेटर लगाए हैं, जिनका इंस्टॉलेशन कार्य भी संपन्न हो चुका है। यह एफओबी यात्रियों को दोनों प्रमुख परिवहन साधनों के बीच आसानी से आवाजाही करने में सहायता करेगा।

एफओबी निर्माण कार्य पूरा होते ही एनसीआरटीसी ने रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क से बैरिकेडिंग हटा दी है और पूरी सड़क को आम जनता के लिए खोल दिया गया है। साथ ही, इस सड़क पर तारकोल का ब्लैक टॉप लगाकर उसे अपग्रेड भी किया गया है। सराय काले खां क्षेत्र में अत्यधिक भीड़भाड़ और भारी ट्रैफिक को देखते हुए यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे न केवल यातायात में सुधार होगा बल्कि सड़क की लाइफ साइकिल भी बढ़ेगी।

सराय काले खां और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बीच की लगभग 300 मीटर की दूरी को देखते हुए एक सुरक्षित और सुगम पैदल पुल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब एफओबी के माध्यम से महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे, दिव्यांग और भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्री सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से आ-जा सकेंगे।

POK को भारत में शामिल करना ही आतंकवाद का अंत: प्रियंका चतुर्वेदी

अक्सर देखा गया है कि सार्वजनिक परिवहन के बीच समुचित कनेक्टिविटी के अभाव में यात्रियों को भारी ट्रैफिक वाली सड़कों को पार करना पड़ता है, जिससे जान जोखिम में पड़ती है और यातायात में बाधा उत्पन्न होती है। सराय काले खां में मौजूद विभिन्न सार्वजनिक परिवहन साधनों से लाखों लोग रोजाना यात्रा करते हैं, लेकिन अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्थित यातायात के कारण यात्रियों को एक साधन से दूसरे साधन तक पहुंचने में कठिनाई होती थी। नया एफओबी इस समस्या का दीर्घकालीन समाधान बनकर सामने आया है।

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के प्रमुख स्टेशनों में से एक, सराय काले खां स्टेशन जल्द ही दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और वीर हकीकत राय आईएसबीटी से निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे यह एक महत्वपूर्ण ट्रांसपोर्ट हब में तब्दील हो जाएगा। फिलहाल स्टेशन की छत का कार्य प्रगति पर है। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए 12 एस्केलेटर और 4 लिफ्ट लगाए गए हैं जो परिचालन के लिए तैयार हैं।

प्लेटफॉर्म पर प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर भी इंस्टॉल किए जा चुके हैं। स्टेशन के पांच प्रवेश-निकास बिंदुओं पर फिनिशिंग का कार्य चल रहा है और इन पर भी एस्केलेटर और लिफ्ट इंस्टॉल किए जा चुके हैं। दिल्ली की दिशा में मेरठ से आने वाले यात्रियों के लिए सराय काले खां से न्यू अशोक नगर के बीच 4.5 किलोमीटर का सेक्शन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस सेक्शन में रविवार, 13 अप्रैल से ट्रायल रन भी शुरू कर दिया गया है, जो जल्द ही यात्रियों के लिए सेवा में शामिल किया जाएगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.