राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) के नये संक्रमित मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या अधिक होने से सक्रिय मामलों में कमी का दौर जारी है तथा राहत की एक और बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर अब 97 फीसदी के पार पहुंच गयी है।
दिल्ली में सक्रिय मामलों में 732 की और कमी आने से इनकी संख्या बुधवार को घटकर 8,003 रह गयी। राजधानी में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि होने से सक्रिय मामलों में कमी दर्ज की गयी है। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार इस अवधि में केवल 871 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 6,19,618 तक पहुंच गयी है जबकि 1,585 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना मुक्त लोगों की संख्या बढ़कर छह लाख के पार 6,01,268 हो गयी। इसके साथ ही कोरोना रिकवरी दर 97.03 फीसदी तक पहुंच गयी है जो राष्ट्रीय औसत (95.69 फीसदी) से अधिक है।
इस दौरान 18 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ 10,347 पहुंच गया है। राजधानी में मृत्यु दर महज 1.67 फीसदी रह गयी है। मृतकों के मामले में पूरे देश में दिल्ली चौथे स्थान पर है। राजधानी में पिछले 24 घंटों के दौरान 87,861 नमूनों का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही अब तक हुई जांच संख्या बढ़कर करीब 80.33 लाख के पार पहुंच गयी है। प्रत्येक दस लाख आबादी पर जांच का औसत 4,22,792 है। इस बीच राजधानी में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या में गिरावट का दौर जारी है। फिलहाल दिल्ली में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या 5501 रह गई है जो मंगलवार को 5833 थी।


Download Android App
Download iOS App



