केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने मंगलवार को कहा कि एनआईवी पुणे के अलावा संदिग्ध नोवेल कोरोनावायरस मामलों के नमूनों की जांच के लिए चार और सैंपल जांच लैबोरेटरी को नामित किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘नमूनों की जांच की सुविधाओं को जल्द ही 10 जगहों पर विस्तार किया जाएगा।’ यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि घातक संक्रमण का पता लगाने के लिए यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग को एक या दो दिन में 20 हवाईअड्डों तक बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘भारत दुनिया का पहला देश है, जिसने नोवेल कोरोनावायरस को देश से बाहर रखने के लिए सभी एहतियाती कदम उठाया है।’
बीमारी को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय की तैयारी के बारे में उन्होंने कहा, ‘करीब 35,000 लोग जो विदेश से भारत आ रहे हैं, उनकी विभिन्न हवाईअड्डों पर थर्मल स्क्रीनिंग हो रही है। इसमें दिल्ली, मुंबई व चेन्नई के हवाईअड्डे भी शामिल हैं।’
उन्होंने कहा, ‘हमने हवाईअड्डे पर थर्मल स्क्रीनिंग से पहले चीन से आने वाले बीमारी के लक्षणों वाले लोगों के नमूनों की जांच की है। उन सभी की जांच निगेटिव आई है।’
हर्ष वर्धन ने यह भी कहा कि संदिग्धों के साथ-साथ पुष्टि वाले मामलों के लिए विशेष वार्ड की व्यवस्था की गई है, जिनमें पर्याप्त बिस्तर है और आइसोलेशन सेंटर बनाए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



