दिल्ली : आनंद विहार में कार और वैन की भीषण टक्कर, जिंदा जले 3 लोग

Summary :

कार आनंद विहार से सीमापुरी की ओर जा रही थी। रामप्रस्थ के सामने कार डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर चली गई और सामने से आ रही वैन में टक्कर मार दी।

दिल्ली के आनंद विहार में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। हादसे में दो गाड़ियों की टक्कर हुई और फिर इसमें लगी आग लग गई। आग के चपेट में आने से तीन लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है की इको स्पोर्ट्स गाड़ी डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क के दूसरी तरफ आ गई और सामने से आ रही ओमनी वैन से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों में आग लग गई। तेजी से आ रही दोनों गाड़ियों में टक्कर लगने के बाद आग लग गई। पुलिस ने दोनों घायलों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया। अभी पता नहीं चल सका है कि मारुति वैन में सवार लोग मुस्तफाबाद से कहां जा रहे थे। दूसरी कार में सवार लोग कृष्णा नगर के रहने वाले थे।

पुलिस के मुताबिक, यह पूरा वाकया रामप्रस्थ के सामने हुआ। चश्मदीदों ने पुलिस को बताया कि मारुति वैन सीमापुरी से आनंद विहार की ओर आ रही थी। दूसरी कार आईएसबीटी आनंद विहार से सीमापुरी की ओर जा रही थी। रामप्रस्थ के सामने कार डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर चली गई और सामने से आ रही तेज रफ्तार वैन में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। जोरदार आवाज हुई। जब लोगों ने मुड़कर देखा तो दोनों कारें आग की ऊंची-ऊंची लपटों में घिर चुकी थीं। अंदर से चीख-पुकार की आवाजें आ रही थीं। उस वक्त किसी भी राहगीर की हिम्मत नहीं हुई कि वह गेट खोलकर लोगों को बाहर निकाले। किसी तरह लोगों ने हिम्मत की और गंभीर रूप से जले और हादसे में चोटिल हुए लोगों को कार से बाहर निकाला। लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी।

Desk Team