दहशत में दिल्ली! घटनास्थल के आसपास के कई बाजार बंद, सबूतों की तलाश में जुटी पुलिस

Summary :

Delhi Blast News: लालकिला मेट्रो स्टेशन के सामने सोमवार शाम को हुए विस्फोट के बाद मंगलवार को कुछ बड़ी मार्केट बंद रखे गए हैं। विस्फोट वाले स्थान के ठीक सामने लाजपतराय मार्केट है। व्यापारियों के मुताबिक उन्होंने मंगलवार सुबह यह निर्णय पुलिस प्रशासन के निर्देश पर लिया। उनका कहना है कि विस्फोट के कारण कई पार्टिकल्स उनकी दुकानों के ऊपर व आसपास गिरे हैं। पुलिस जांच में ये पार्टिकल्स महत्वपूर्ण हो सकते हैं। पुलिस व जांच एजेंसियां इन्हें एकत्र कर रही हैं। यही कारण है कि बाजार बंद रखे गए हैं। उधर लालकिले को भी फिलहाल पर्यटकों के लिए बंद…

Delhi Blast News: लालकिला मेट्रो स्टेशन के सामने सोमवार शाम को हुए विस्फोट के बाद मंगलवार को कुछ बड़ी मार्केट बंद रखे गए हैं। विस्फोट वाले स्थान के ठीक सामने लाजपतराय मार्केट है। व्यापारियों के मुताबिक उन्होंने मंगलवार सुबह यह निर्णय पुलिस प्रशासन के निर्देश पर लिया।

उनका कहना है कि विस्फोट के कारण कई पार्टिकल्स उनकी दुकानों के ऊपर व आसपास गिरे हैं। पुलिस जांच में ये पार्टिकल्स महत्वपूर्ण हो सकते हैं। पुलिस व जांच एजेंसियां इन्हें एकत्र कर रही हैं। यही कारण है कि बाजार बंद रखे गए हैं।

उधर लालकिले को भी फिलहाल पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। चांदनी चौक का मुख्य बाजार सामान्य दिनों की तरह खुला है और स्कूल भी खुले हैं। लालकिला मेट्रो स्टेशन पर संचालन सामान्य है। लालकिला मेट्रो का गेट नंबर 2 व एक अन्य गेट यात्रियों के लिए खुले हैं।

सेंट्रल रेडियो एंड इलेक्ट्रॉनिक्स मर्चेंट्स एसोसिएशन (क्रेमा), ओल्ड लाजपत राय मार्केट और चांदनी चौक ने बताया कि सोमवार को ब्लास्ट की जो घटना हुई थी, उसके संदर्भ में आज विभिन्न जांच एजेंसियां इस पूरे क्षेत्र का निरीक्षण करेंगी।

Delhi Market Closed: लाजपत राय मार्केट बंद

Delhi Blast News
लाजपत राय मार्केट बंद (Image- Social Media)

मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय नागपाल का कहना है कि चूंकि यह घटना ठीक मार्केट के सामने हुई थी, इसलिए सुरक्षा एवं जांच की दृष्टि से ओल्ड लाजपत राय मार्केट को मंगलवार को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। हम सभी व्यापारियों को इस आदेश का पूर्ण रूप से पालन करना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि सभी व्यापारी भाइयों से निवेदन किया गया है कि इस सूचना को तुरंत अपने सभी मैन्युफैक्चरर्स, ग्राहकों और स्टाफ तक पहुंचा दें, ताकि किसी को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसका एक असर यह भी होगा कि घटनास्थल के आसपास वाहनों व लोगों की भीड़ नहीं लगेगी। सामान्य कार्य दिवसों में यह इलाका काफी भीड़-भाड़ वाला रहता है। यहां होलसेल बाजार होने के कारण दिल्ली के बाहर से भी बड़ी संख्या में व्यापारी आते हैं।

व्यापारियों का कहना है कि इसी तरह न्यू लाजपत राय मार्केट को भी बंद रखने का फैसला किया गया। दरअसल, घटनास्थल से महज चंद कदमों की दूरी पर ही पुरानी दिल्ली के कई बड़े बाजार हैं। घटनास्थल के सामने ही चांदनी चौक मेन मार्केट है और इलेक्ट्रॉनिक सामान का हब कहा जाने वाला लाजपत राय मार्केट है। यहां से महज कुछ कदमों की दूरी पर ही प्रसिद्ध गौरी शंकर मंदिर भी है। मंदिर में मंगलवार को सामान्य दिनों की तरह पूजा हुई। मौके पर मौजूद रहे दुकानदारों व अन्य लोगों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानों के शीशे चटक गए।

Chandni Chowk Market: चांदनी चौक में क्या खुला है और क्या बंद?

Delhi Blast News
चांदनी चौक में क्या खुला है और क्या बंद? (Image- Social Media)

स्थानीय रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुभाष चक्रवर्ती ने बताया कि इलाके के स्कूल खुले हैं। उनके व आसपास के बच्चे मंगलवार को सिविल लाइंस, दरियागंज व अन्य जगहों पर स्थित स्कूलों में गए। सभी स्थानीय लोग सतर्कता बरत रहे हैं। इस पूरे प्रकरण में पुलिस एवं प्रशासन की सहायता कर रहे हैं। पुलिस जिस भी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा करेगी, स्थानीय लोग वह सहयोग देने को तत्पर हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि सामान्य तौर पर इस इलाके में अक्सर ट्रैफिक जाम रहता है। यहां चांदनी चौक की विभिन्न सड़कों और फुटपाथ पर बड़ी संख्या में अवैध रूप से रेहड़ी पटरियां और अवैध पार्किंग के कारण सड़क काफी संकरी हो गई है। लालकिले के बाहर भी ऐसा ही होता है। इसका नतीजा यह है कि लालकिले के सामने सामान्य दिनों में लगभग रोज ट्रैफिक जाम होता है। लोगों की भीड़ और ट्रैफिक जाम न लगे इसी कारण से भी मंगलवार को यहां कुछ बाजार बंद रखे गए हैं।

चांदनी चौक मेन बाजार पूरी तरह से खुला हुआ है। यहां का मशहूर कैमरा मार्केट, सोने-चांदी के बाजार, और कपड़ों के बाजार भी मंगलवार को सामान्य दिनों की तरह खुले हैं। हालांकि बाजारों में ग्राहकों की संख्या फिलहाल काफी कम है।

Delhi Blast Update: दिल्ली ब्लास्ट पर चश्मदीद का बयान

Delhi Blast News
दिल्ली ब्लास्ट पर चश्मदीद का बयान (Image- Social Media)

घटना स्थल से करीब सौ मीटर की दूरी पर कैमरा मार्केट में दुकान चलाने वाले राजेश कुमार ने बताया कि धमाके के बाद से पूरे चांदनी चौक में फिलहाल पुलिस तैनात है। सोमवार शाम को जब विस्फोट हुआ तो वह दुकान पर मौजूद थे। धमाका बहुत तेज था। सोमवार शाम धमाके के तुरंत बाद दुकान में मौजूद लोगों और बाजार में ग्राहकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कैमरा मार्केट, घड़ी मार्केट, साइकिल मार्केट समेत चांदनी चौक के अन्य बाजारों की अधिकांश दुकानों को समय रहते बंद कर दिया गया।

दरअसल, धमाके के बाद चांदनी चौक, लाजपत राय मार्केट, कैमरा मार्केट और साइकिल मार्केट में दहशत फैल गई। ये सभी बाजार लालकिला मेट्रो स्टेशन के बेहद पास स्थित हैं। हादसे के बाद व्यापारियों ने सुरक्षा की दृष्टि से अपनी दुकानें बंद कर दीं।

सामान्य वाहनों की आवाजाही पर रोक

Delhi Blast News
सामान्य वाहनों की आवाजाही पर रोक (Image- Social Media)

चांदनी चौक के दुकानदार शेखर शर्मा ने बताया कि सभी व्यापारी बेहद चिंतित हैं क्योंकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट कैसे हुआ। वहीं, घटनास्थल को अभी दिल्ली पुलिस ने पूरी तरह घेर रखा है और सामान्य वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

यह भी पढ़ें: ‘षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा’, PM मोदी ने भूटान से दिल्ली ब्लास्ट की घटना पर दिया बड़ा मैसेज

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।