देश की राजधानी के पूर्वी मंडावली इलाके से महिलाओं की सुरक्षा को तार-तार करने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक 24 साल की युवती ने अपने ही एक परिचित युवक पर चलती कार में बंधक बनाकर छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता ने संकट के उस दौर में भी गजब की हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। उसने आरोपी की हरकतों का विरोध करने के साथ-साथ अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। यही वीडियो बाद में पुलिस के लिए सबसे बड़ा सबूत बना। युवती की शिकायत पर मंडावली थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए केस दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मोमो खिलाने के बहाने बुलाकर रची साजिश
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी पीड़िता का पहले से परिचित था। उसने लड़की को फोन करके मोमो खाने के बहाने घर से बाहर बुलाया था। युवती उस पर भरोसा करके कार में बैठ गई। रास्ते में आरोपी ने बहाना बनाया कि कार में सीएनजी भरवानी है। इसके बाद उसने गाड़ी का रुख मोड़ा और उसे मंडावली के एक सुनसान इलाके की तरफ ले गया, जहाँ सन्नाटा पसरा हुआ था।
कार लॉक कर की अश्लील मांग
सुनसान जगह पर गाड़ी रोककर आरोपी ने अपनी असली नीयत दिखा दी। उसने कार को अंदर से लॉक कर दिया और युवती के साथ बदतमीजी शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि उसने अश्लील टिप्पणियां करते हुए जबरन संबंध बनाने का दबाव डाला। जब लड़की ने विरोध किया और कार से बाहर निकलने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे जबरदस्ती रोक लिया और छेड़छाड़ करने लगा।
मोबाइल रिकॉर्डिंग ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
इस खौफनाक माहौल में भी युवती डरी नहीं। उसने चुपके से अपना मोबाइल कैमरा ऑन किया और आरोपी की हरकतों को रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। इस पुख्ता सबूत को उसने पुलिस के हवाले किया।
मंडावली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को दबोच लिया है। पुलिस अब वीडियो फुटेज की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।






















