मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच सोमवार को सुबह से आसमान साफ है और तेज धूप निकली हुई है। हालांकि, गर्मी लोगों को ज्यादा परेशान नहीं कर रही है। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार की सुबह न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत तापमान से सात डिग्री सेल्सियस कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।
विभाग ने कहा कि सापेक्षिक आर्द्रता 47 प्रतिशत रही और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विभाग ने दिन में आसमान मुख्यत: साफ रहने का अनुमान जताया है। हालांकि अभी कई दिन और अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर नहीं जाएगा। कुलमिलाकर गर्मी से राहत का दौर अभी जारी रहेगा, अगले सप्ताह या यूं कहें कि मई महीने से न्यूनतम और अधिक तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो सकती है।
राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता ”खराब” श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 217 दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच के एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।


Download Android App
Download iOS App



