राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के खान मार्केट इलाके में एक पुलिस चौकी में तोड़फोड़ करने तथा मोटरसाइकिल में आग लगाने के आरोप में एक व्यक्ति को अरेस्ट किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि तुगलक रोड थाने के अधिकारियों को रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पुलिस चौकी में तोड़फोड़ किये जाने तथा मोटरसाइकिल में आग लगाए जाने की सूचना मिली।
अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि हौज रानी इलाका निवासी आरोपी नदीम शराब के नशे में आक्रामक व्यवहार कर रहा है। इसके बाद उसे अरेस्ट कर लिया गया। सोशल मीडिया पर आये घटना के कथित वीडियो में काले कपड़े और टोपी पहना एक युवक पुलिस चौकी के शीशे को ईंटों से तोड़ते हुए दिख रहा है, जबकि सामने एक मोटरसाइकिल जल रही है। एक अन्य वीडियो में 2 पुलिस कर्मियों को उसे पकड़े हुए दिखाया गया है।
आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा
अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पुलिस चौकी के शीशों को क्षतिग्रस्त कर दिया और मोटरसाइकिल एवं दिल्ली पुलिस के कुछ बैनरों को आग के हवाले कर दिया।उन्होंने बताया कि उसके विरूद्ध भारतीय दंड संहिता की धाराओं 436, 285, 278, 283 और 506 के तहत केस दर्ज किया है, इसके अलावा अन्य अधिनियम के तहत भी उसे आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने बताया कि नदीम ने चौकी में आग लगाने का भी प्रयास किया। उन्होंने बताया कि उसे अरेस्ट कर लिया गया है और न्यायिक हिरासत (Judicial Coustody) में भेज दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



